खेड़ापति माता मंदिर में चुनरी अर्पित कर की सुख-समृद्धि की कामना, रात में हुई भव्य महाआरती
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर सांची विकासखंड के ग्राम नरखेड़ा में श्रद्धा और भक्ति के साथ 301 मीटर लंबी भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। सरपंच रामदयाल लोधी के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। माता रानी के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो गया और जगह-जगह ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया।
चुनरी यात्रा की शुरुआत लालबाई माता मंदिर से हुई। यहां से श्रद्धालु माता रानी की 301 मीटर लंबी चुनरी लेकर गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए खेड़ापति माता मंदिर पहुंचे। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन नजर आए। मंदिर पहुंचने पर चुनरी अर्पित की गई और दुर्गा जी की आरती कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रात में हुई माता रानी की भव्य महाआरती
चुनरी यात्रा के समापन के बाद रात में माता रानी की भव्य महाआरती आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर माता रानी के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। धार्मिक आयोजन के चलते गांव में दिनभर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ नवरात्र पर्व मनाया।
गांव-गांव में चुनरी यात्राओं की धूम
नवरात्र के अवसर पर सांची विकासखंड के विभिन्न गांवों में चुनरी यात्राओं और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है। श्रद्धालु माता रानी को चुनरी अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। मंदिरों में दर्शन, पूजा-अर्चना, आरती और भजन-कीर्तन से गांवों में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।