सिलवानी रायसेन। दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत का उत्साह सोमवार शाम सिलवानी में भी देखने को मिला। नगर के बजरंग चौराहे पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में विजय उत्सव आयोजित किया गया जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कांग्रेस के पक्ष में नारेबाजी करते हुए दतिया की जीत को जनता के भरोसे और संगठन की मजबूती का प्रतीक बताया। देर शाम तक बजरंग चौराहा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह और जश्न से गुलजार रहा।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय पटेल ने कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश है। उन्होंने कहा कि सरकार की किसानों और युवाओं के प्रति लगातार बनी हुई बेरुखी का जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। यह जीत कांग्रेस की विचारधारा, कार्यकर्ताओं की मेहनत और आम जनता के विश्वास की जीत है।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश कुशवाहा ने कहा कि उपचुनाव का परिणाम बताता है कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस के प्रति उसका विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए आगामी चुनावों के लिए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
विजय उत्सव में बद्री विश्वकर्मा सफीका काजी जावेद खान वसीम खान, इमरान खान गुड्डू भाई, समीम, भोला रघुवंशी जलील खान, मदन राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की शुभकामनाएं दी गईं और क्षेत्र में कांग्रेस की मजबूती का दावा किया गया।

दतिया उपचुनाव के परिणाम आने के बाद जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है, वहीं सिलवानी में आयोजित यह विजय उत्सव स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की सक्रियता और संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन भी माना जा रहा है।