प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चांडक निवास पर आयोजित हुआ जन्मोत्सव कार्यक्रम
रुपेश मेहरा बरेली रायसेन
श्री बाबा रामदेव जी महाराज के पावन जन्म प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में नगर के बड़ा बाजार स्थित वार्ड क्रमांक 10 की पार्षद श्रीमती अलका नंदकिशोर चांडक के निवास पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बाबा के भक्तों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर बाबा रामदेव जी महाराज का जन्म उत्सव मनाया। आयोजन के दौरान दोपहर 12 बजे बाबा के जन्म उत्सव एवं महाआरती का आयोजन किया गया। विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ महाआरती संपन्न हुई। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारे लगाए और सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। जन्म उत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
पार्षद प्रतिनिधि नंदकिशोर चांडक ने बताया कि बाबा रामदेव जी महाराज के जन्म प्रकट दिवस के अवसर पर यह धार्मिक कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हैं। इस वर्ष भी भक्तों में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिला। महाआरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को प्रसादी का वितरण किया गया। भक्तों ने प्रसादी ग्रहण कर बाबा रामदेव जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की मौजूदगी और धार्मिक माहौल ने आयोजन को विशेष बना दिया।