21 से 24 सितंबर तक आयोजित होगा उर्स, व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों ने दिए आवश्यक निर्देश
अली हसीन रायसेन
दरगाह शरीफ पर आगामी 21, 22, 23 एवं 24 सितंबर को आयोजित होने वाले उर्स की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन एवं उर्स कमेटी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में उर्स के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एसडीएम मनीष शर्मा एसडीओपी, नगर निरीक्षक थाना कोतवाली नरेंद्र गोयल सहित लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर पालिका तथा बिजली विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उर्स कमेटी के अध्यक्ष शमीम खान, शहर काजी जहीरूद्दीन साहब एवं दरगाह कमेटी के सदस्यों के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में उर्स के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर जोर दिया गया। सड़क एवं आवागमन व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों से समन्वय करने पर चर्चा हुई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित विभागों को उर्स के दौरान अपने-अपने स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, उर्स कमेटी और दरगाह कमेटी के सदस्यों ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि 21 सितंबर से शुरू होने वाला उर्स 24 सितंबर की सुबह 12 बजे तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।