– एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में लगाए लगभग 200 पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के उद्देश्य से सोमवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समनापुर कला में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत स्काउट-गाइड एवं छात्र-छात्राओं द्वारा वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्वक लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य संतोष मालवीय ने बताया कि विद्यालय में हाल ही में स्काउट-गाइड इकाई का गठन किया गया है। इसी के अंतर्गत विद्यार्थियों ने पहले स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की, इसके बाद विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़ लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण करना है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधे की जिम्मेदारी ले, तो पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं, स्काउट-गाइड प्रभारी एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने मिलकर पौधों को सुरक्षित रखने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उन्हें जीवित रखने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में लगाए गए लगभग 200 पौधे आने वाले समय में हरित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।