सीसीटीवी फुटेज से सामने आया सुराग, पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत मशरूका किया बरामद
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
थाना सलामतपुर पुलिस ने दीवानगंज में हुई चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में फरियादिया की 23 वर्षीय बेटी सृष्टि डागौर और उसके 25 वर्षीय पुरुष मित्र कार्तिक मेहर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है, शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, दीवानगंज निवासी कमला बाई डागौर ने 17 सितंबर को सलामतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर की सुबह करीब 7:45 बजे वह अपने पुत्र के साथ शासकीय अस्पताल में साफ-सफाई के कार्य के लिए गई थीं। ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वह घर लौटीं तो मुख्य गेट पर ताला लगा था।
ताला खोलकर घर के अंदर जाने पर बेडरूम में पलंग की चादर पर पैरों के निशान दिखाई दिए। घर का पिछला गेट खुला हुआ था। वहीं रैक पर रखे टिन के डिब्बे का ढक्कन खुला मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
फरियादिया की रिपोर्ट पर सलामतपुर पुलिस ने अपराध क्रमांक 205/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
पुलिस के अनुसार, फुटेज में एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। जांच के दौरान उसकी पहचान फरियादिया की बेटी सृष्टि डागौर के रूप में हुई।
सुखी सेवनिया में मिली आरोपी महिला
पुलिस ने सृष्टि के संबंध में जानकारी जुटाई तो उसके सुखी सेवनिया में किराये के मकान में रहने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल वहां पहुंचकर तलाश की। पुलिस के मुताबिक, सृष्टि डागौर वहां अपने पुरुष मित्र कार्तिक मेहर के साथ मिली।
पुलिस ने दोनों से चोरी की घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

10 लाख के जेवरात बरामद
पुलिस के अनुसार बरामद मशरूके में सोने की दो झुमकी, कान की कनछिड़ी, दो सोने की चेन, दो अंगूठियां, मंगलसूत्र, नाक की लौंग, दो कान की बालियां एवं टॉप्स सहित चांदी के लच्छे, कमरबंद, पैरों की कड़ियां, पायल, चूड़ियां, बिछिया, हाथफूल सहित अन्य आभूषण शामिल हैं।
बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इसे चोरी गए मशरूके की शत-प्रतिशत बरामदगी बताया है।
ये आरोपी गिरफ्तार
सृष्टि डागौर, पिता स्व. श्यामसुंदर डागौर, उम्र 23 वर्ष, निवासी पानी की टंकी के पास, दीवानगंज, थाना सलामतपुर, जिला रायसेन।
कार्तिक मेहर, पिता दौलतराम उर्फ आजाद सिंह मेहर, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम जमुनिया, थाना सलामतपुर, जिला रायसेन।
पुलिस टीम की रही भूमिका
चोरी की वारदात के खुलासे में थाना प्रभारी श्यामराज सिंह, चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, सउनि आर.के. उइके, सउनि मोहन यादव, प्रधान आरक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, महिला आरक्षक पूजा रघुवंशी, आरक्षक संदीप रघुवंशी, पारितोष पटेरिया, रोहित गोस्वामी और आकाश उइके की भूमिका रही।पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।