सी के पारे
भोपाल। मध्य प्रदेश के बिजली वितरण कंपनियों में कार्यरत हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों ने रविवार को राजधानी भोपाल के अंबेडकर मैदान में विशाल प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जोरदार हुंकार भरी। कर्मचारियों ने नियमितीकरण की स्पष्ट नीति बनाने, समान कार्य के लिए समान वेतन, सेवा सुरक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न लंबित मांगों को लेकर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों का कहना था कि वर्षों से बिजली व्यवस्था की रीढ़ बनकर कार्य करने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं और अधिकार नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस नीति बनाकर उनकी मांगों का समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण की स्पष्ट नीति बनाई जाए, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू किया जाए, ईपीएफ-ईएसआई की शत-प्रतिशत व्यवस्था सुनिश्चित हो, सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए तथा विभागीय भर्ती में अनुभव का लाभ दिया जाए।
आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि उनकी जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।