भोपाल से सुनील सोन्हिया की रिपोर्ट
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की सांस्कृतिक समारोह एवं प्रस्तुति अनुदान योजना (CFPGS) के अंतर्गत यामिनी कल्चरल एवं वेलफेयर सोसायटी, भोपाल द्वारा तीन दिवसीय 8वें ‘रंग फुलकारी’ नाट्य महोत्सव का आयोजन 23 से 25 सितंबर 2026 तक अध्ययन भवन, ए.पी. बिलिंग इंस्टिट्यूट ऑफ एशियन स्टडीज, लिंक रोड नंबर-02, शिवाजी नगर में,किया जा रहा है। महोत्सव में प्रतिदिन शाम 6:30 बजे विभिन्न सामाजिक एवं साहित्यिक विषयों पर आधारित नाटकों का मंचन किया जाएगा। प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
महोत्सव के प्रथम दिन 23 सितंबर को मुंशी प्रेमचंद की चर्चित कहानी पर आधारित नाटक ‘सदगति’ का मंचन होगा। इसके लेखक मुंशी प्रेमचंद, संगीत रेवाशंकर बंसल तथा निर्देशक रविंद्र मोरे (रवि) हैं। प्रस्तुति यामिनी कल्चरल एवं वेलफेयर सोसायटी द्वारा दी जाएगी।
24 सितंबर को नाटक ‘सावित्री बाई फुले’ प्रस्तुत किया जाएगा। इसके लेखक रेनू बरमैया, संगीत दीनिश हुसैन तथा निर्देशिका रेनू बरमैया हैं। प्रस्तुति दृष्टिमान रंग कला एवं समाज कल्याण समिति, भोपाल द्वारा होगी।

महोत्सव के अंतिम दिन 25 सितंबर को नाटक ‘सन 2025’ का मंचन किया जाएगा। इसके लेखक पीयूष मिश्रा, संगीत सुरेंद्र वानखेड़े तथा निर्देशक अदनान खान हैं। प्रस्तुति रंग मोहल्ला सोसायटी फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स समिति, भोपाल द्वारा की जाएगी।
तीनों नाटकों के माध्यम से दर्शकों को सामाजिक सरोकार, महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण, साहित्य और समकालीन जीवन से जुड़े विभिन्न विषयों से रूबरू कराया जाएगा।
आयोजकों ने रंगप्रेमियों एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नाट्य महोत्सव का आनंद लेने की अपील की है।