रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में रिश्तों की कड़वाहट से जुड़ा एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक महिला के पहले पति ने उसके वर्तमान पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। यह वारदात शुक्रवार दोपहर ग्राम रेवई के पास हुई, जिसमें पीड़ित युवक बुरी तरह झुलस गया है।
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले पीड़ित विनय कुमार (32) ने पुलिस को बताया कि उसने करीब तीन साल पहले पिछोर निवासी सविता से विवाह किया था। सविता का यह दूसरा विवाह था और वह पहले पति धर्मेंद्र नाथ को छोड़ चुकी थी। दोनों गुरुग्राम में रहने लगे थे। 24 जुलाई को वे सविता के मायके आए थे और रेवई से पैदल पिछोर जा रहे थे।
विनय के अनुसार, ग्राम रेवई में जीवन सरपंच के घर के पास नहर की पुलिया के पास सविता का पहला पति धर्मेंद्र नाथ अचानक आ गया। पुरानी रंजिश के चलते उसने विनय पर पेट्रोल छिड़का और लाइटर से आग लगा दी। आग की लपटों में विनय का बायां हाथ, कोहनी, छाती, कंधा, गला, कान और शरीर के कई अन्य हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए।
जब सविता अपने पति को बचाने के लिए आगे बढ़ी, तो आरोपी धर्मेंद्र ने उसके साथ भी लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे भी चोटें आईं। खेत में मौजूद लोगों ने घटना देखी। घायल विनय को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पिछोर थाना पुलिस ने आरोपी धर्मेन्द्र नाथ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी.