भोपाल रोड स्थित जिला पंचायत अध्यक्ष के पेट्रोल पंप की घटना; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस तलाश में जुटी
रायसेन। भोपाल रोड स्थित जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा के पेट्रोल पंप पर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे चार अज्ञात बदमाशों ने चाकू की नोक पर कर्मचारियों से 10 हजार रुपए लूट लिए। बदमाश एक्टिवा से पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे चार बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारी नावेद और परवेज को चाकू दिखाकर धमकाया और उनके पास से करीब 10 हजार रुपए लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी एक्टिवा से फरार हो गए।
पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां और वारदात के बाद उनका फरार होना रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
कोतवाली थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि पेट्रोल पंप पर लूट की सूचना के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।