रामभरोस विश्वकर्मा, मंडीदीप रायसेन
नगर पालिका परिषद मंडीदीप द्वारा स्वच्छता शाखा के दैनिक वेतनभोगी एवं 25 दिवसीय कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर अहम निर्णय लिए गए हैं। इस संबंध में जारी पत्र में कर्मचारियों की प्रमुख समस्याओं के समाधान का विस्तृत उल्लेख किया गया है।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 25 दिवसीय दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को अब ईपीएफ (EPF) का लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके तहत 105 कर्मचारियों की ईएसआई राशि 21 अप्रैल 2026 को जमा की जाएगी, वहीं ईपीएफ की राशि भी मार्च माह से जमा की जाएगी।
वेतन वृद्धि से संबंधित अंतर राशि के भुगतान को लेकर भी परिषद ने निर्णय लिया है कि कर्मचारियों को एरियर्स की राशि 24 समान किश्तों में वेतन के साथ दी जाएगी। साथ ही, यदि नगर पालिका की वित्तीय स्थिति बेहतर होती है या अन्य स्रोतों से आय प्राप्त होती है, तो यह भुगतान एकमुश्त भी किया जा सकेगा।
इसके अलावा, कर्मचारियों को न्यूनतम श्रमिक दरों के अनुसार वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गई है। नगर पालिका ने आश्वासन दिया है कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेतन का निर्धारण किया जाएगा।
अवकाश सुविधा को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कहा गया है कि 25 दिवसीय कर्मचारियों को अर्जित अवकाश (E/L) एवं आकस्मिक अवकाश (C/L) की पात्रता नियमों के अनुसार प्रदान की जाएगी।
नगर पालिका परिषद ने इन सभी निर्णयों के मद्देनजर कर्मचारियों एवं उनके संगठन से हड़ताल समाप्त करने की अपील की है, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।