पिछले साल बाइक चालक की जा चुकी है जान, धान रोपाई के बीच बढ़ा फिसलन का खतरा,
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर इन दिनों खेतों से ट्रैक्टरों के जरिए आ रही चिकनी मिट्टी वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गई है। क्षेत्र में धान रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है और खेतों से निकलने वाले ट्रैक्टरों के पहियों में चिपकी मिट्टी सीधे हाईवे पर फैल रही है। बारिश के कारण यह मिट्टी बेहद फिसलन भरी हो गई है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन लगातार स्लिप होने की आशंका बनी हुई है।
सबसे अधिक समस्या उन स्थानों पर देखी जा रही है, जहां खेत सीधे हाईवे से जुड़े हुए हैं। ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क पर मिट्टी की मोटी परत जम गई है। हल्की बारिश होते ही यह मिट्टी कीचड़ में बदल जाती है और सड़क किसी फिसलन भरे रास्ते जैसी दिखाई देने लगती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी तरह की स्थिति पिछले वर्ष भी बनी थी, जब हाईवे पर फैली चिकनी मिट्टी के कारण एक बाइक चालक फिसल गया था और उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद अब तक इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है।
राहगीरों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर जमा मिट्टी को तत्काल हटाया जाए तथा खेतों से निकलने वाले ट्रैक्टर चालकों को निर्देश दिए जाएं कि वे सड़क पर मिट्टी न फैलाएं। आवश्यकता होने पर संबंधित स्थानों पर चेतावनी संकेतक भी लगाए जाएं, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।
बारिश के इस मौसम में यदि समय रहते हाईवे की सफाई नहीं कराई गई, तो किसी भी दिन बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग, एमपीआरडीसी और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि लोगों की जान सुरक्षित रह सके।