गुजरात जा रहा युवक दीवानगंज के पास चलती ट्रेन से गिरा, पूरी रात ट्रैक किनारे तड़पता रहा, सुबह 108 एंबुलेंस ने बचाई जान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज रेलवे स्टेशन के समीप सेमरा-बनखेड़ी पुलिया के पास एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया। गुजरात काम करने जा रहा दमोह जिले का 20 वर्षीय युवक चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि युवक पूरी रात रेलवे ट्रैक के किनारे घायल अवस्था में पड़ा रहा और सुबह रेलवे कर्मचारियों की नजर पड़ने के बाद ही उसे अस्पताल पहुंचाया जा सका।
जानकारी के अनुसार रामसिंह पुत्र मथुरा, निवासी नारायणपुर (जिला दमोह), शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे ट्रेन से गुजरात जा रहा था। इसी दौरान दीवानगंज रेलवे स्टेशन के पास सेमरा-बनखेड़ी पुलिया के निकट वह किसी कारणवश चलती ट्रेन से गिर गया। हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे ट्रैक के किनारे पड़ा रहा, लेकिन रातभर किसी की नजर उस पर नहीं पड़ी।

शनिवार सुबह करीब 7 बजे रेलवे कर्मचारियों ने युवक को घायल अवस्था में देखा और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दीवानगंज की 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी डॉ. सुरेंद्र शाक्य और पायलट राकेश राठौर ने घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया और सिविल अस्पताल सांची पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज विदिशा रेफर कर दिया।
यह घटना एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटनाओं के बाद राहत एवं बचाव प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि सुबह रेलवे कर्मचारियों की नजर घायल युवक पर नहीं पड़ती, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।
गौरतलब है कि दीवानगंज रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में पहले भी कई रेल हादसे हो चुके हैं। इन घटनाओं में अक्सर घायल और शव घंटों तक रेलवे ट्रैक पर पड़े रहते हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इसका प्रमुख कारण क्षेत्र में जीआरपी (Government Railway Police) की अनुपस्थिति है। दीवानगंज और सलामतपुर क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से यहां जीआरपी चौकी स्थापित करने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।