मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत गीदगढ़ के महुआखेड़ा गांव स्थित रेलवे पुल के पास एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन से गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान उमेश चौधरी (22 वर्ष) पिता संतोष चौधरी, नेपाल के रूप में हुई है। युवक पनवर, महाराष्ट्र से बाराबंकी जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह ट्रेन से बाराबंकी की ओर जा रहा था। इसी दौरान महुआखेड़ा रेलवे पुल के पास अचानक ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दीवानगंज पुलिस चौकी का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की तथा पोस्टमार्टम के लिए रायसेन जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा।