मंडीदीप रायसेन ।श्री 1008 आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, रेलवे स्टेशन के पास आयोजित 8 दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगलवार को विश्वशांति महायज्ञ एवं भगवान श्रीजी की भव्य शोभायात्रा के साथ समापन हो गया। अंतिम दिन आयोजित महायज्ञ में विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि एवं समस्त प्राणियों के कल्याण की कामना की गई।

आयोजन समिति के दिलीप पहाड़िया ने बताया कि समापन से पूर्व श्रद्धालुओं ने 1008 अर्घ्य समर्पित कर पुण्यार्जन किया। मंगलवार को निकली भव्य शोभायात्रा में विमान में विराजित जिनेंद्र भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। हाथों में धर्मध्वज लिए श्रद्धालु जयघोष करते हुए मंडी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से निकले। विभिन्न स्थानों पर श्रीजी की आरती उतारी गई और शोभायात्रा का स्वागत किया गया। पुनः मंदिर पहुंचने पर शांतिधारा, अभिषेक एवं मंगल आरती के साथ विधान का समापन हुआ।

पूरे विधान का संचालन विधानाचार्य श्री संजीव भैया (कटंगी), श्री अंकित भैया (भिलाई) एवं श्री सुजन भैया (गंजबासौदा) के सानिध्य में संपन्न हुआ। आठ दिनों तक चले इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रक्तदान, फल वितरण, गौसेवा एवं वस्त्रदान जैसे सामाजिक सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

विधान की विशेष उपलब्धि भोजपुर स्थित श्री विद्यासागर गौशाला के लिए मिला अभूतपूर्व सहयोग रहा। गौशाला निर्माण एवं संचालन हेतु किए गए आह्वान पर श्रद्धालुओं ने महज 15 मिनट में 33 लाख रुपये की सहयोग राशि समर्पित की।

आयोजक पहाड़िया परिवार एवं समस्त जैन समाज ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों, प्रशासन एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।