बेगमगंज रायसेन ।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई सियावास द्वारा ज्ञान की देवी माँ सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया।
प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी विद्यार्थी परिषद द्वारा नवीन कार्यकर्ताओं को विभिन्न दायित्व सौंपे गए, ताकि वे वर्षभर छात्र हितों के मुद्दों पर कार्य करते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला निवर्तमान संगठन मंत्री लक्ष्मण सोलंकी उपस्थित रहे। उन्होंने परिषद की सैद्धांतिक भूमिका पर अपना विषय रखा। वहीं रायसेन जिला संयोजक रमाकांत चौहान ने कैंपस वर्किंग एवं विभिन्न आयामों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से परिषद के विस्तार हेतु निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। सिलवानी भाग संयोजक जय यादव ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएँ देते हुए अभाविप का परिचय, आगामी कार्यक्रमों एवं छात्र हित के प्रमुख विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
सक्रिय कार्यकर्ता संस्कार शर्मा ने सभी नवदायित्ववान कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएँ देते हुए छात्र हित एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आग्रह किया।
नवीन कार्यकारिणी में प्रो. सिद्धार्थ ठाकुर को नगर अध्यक्ष, प्रो. आशु पाठक को नगर उपाध्यक्ष, नवलेश साहू को नगर मंत्री, अनुज जैन को नगर सह मंत्री, नेहाल वर्मा को एसएफडी प्रमुख, अरुण को एसएफएस प्रमुख तथा वंश जैन को नगर कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम में गौरव तिवारी, नवदीप भार्गव, आदर्श शर्मा, मयंक जैन, देव दुबे, मनु जाट, कुलदीप साहू सहित अनेक कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने नवदायित्ववान कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएँ देते हुए संगठन के विस्तार एवं छात्र हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।