रातापानी टाइगर रिजर्व में करंट लगाकर बाघिन का शिकार करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
रामभरोस विश्वकर्मा, औबेदुल्लागंज रायसेन
रातापानी टाइगर रिजर्व (औबेदुल्लागंज) में करंट लगाकर मादा बाघ (बाघिन) का शिकार करने के गंभीर मामले में वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दाहोद निवासी दो मुख्य आरोपियों जसमन बारेला और भूरा बारेला को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिजर्व क्षेत्र में 28 सितंबर 2026 को एक मादा बाघ का शव बरामद हुआ था। अगले दिन 29 सितंबर को नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराने के पश्चात अंतिम संस्कार किया गया।
मामले की विस्तृत तफ्तीश के दौरान टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने 26 सितंबर को घटनास्थल पर बाइंडिंग वायर का जाल बिछाकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित किया था, जिसकी चपेट में आने से बाघिन की दर्दनाक मौत हो गई।
वन विभाग की टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल के पास छुपाकर रखा गया तार व शिकार में प्रयुक्त अन्य सामग्री भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को रायसेन स्थित माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से अदालत के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है। अधीक्षक, रातापानी टाइगर रिजर्व के अनुसार, मामले में संलिप्त एक अन्य फरार आरोपी की सघन तलाश जारी है।