पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में बसंत पंचमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज में शुक्रवार को बसंत पंचमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में यज्ञ एवं मां सरस्वती की विधि-विधान से पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पंडित लक्ष्मीप्रसाद ,मोनू द्वारा यज्ञ नारायण की पूजा एवं मां सरस्वती की आराधना विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ कराई गई। समस्त विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में सहभागिता की और छात्र-छात्राओं ने यज्ञ में आहुति देकर मां सरस्वती से आगामी परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने का आशीर्वाद मांगा।
पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य श्रीमती प्रीति कहार, शिक्षक अजेंद्र सिंह, मनोज पवार, मुन्नालाल अहिरवार, ममता पासी, राजेश्वरी लोधी, राजेंद्र सावले, राजेश कुशवाह एवं निधि जैन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को विद्यार्थियों के संस्कार निर्माण के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।

वही गांव-गांव में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, हवन-यज्ञ और विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, बच्चों और युवाओं ने सहभागिता की।
बसंत पंचमी के अवसर पर मंदिरों और विद्यालयों में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा की गई। छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि और सफलता का आशीर्वाद मांगा। वहीं किसानों ने खेतों में खिली सरसों की पीली फसल को देखकर बसंत ऋतु के आगमन की खुशी जाहिर की।
ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर पूजा-अर्चना की और पारंपरिक गीतों व भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कई स्थानों पर प्रसाद वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि बसंत पंचमी का पर्व नई ऊर्जा, शिक्षा और खुशहाली का प्रतीक है, जिसे हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।