मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्रामीण मजदूरों के लिए राहत भरी खबर है। 1 जुलाई से बीवीजी रामजी योजना के तहत रोजगार की गारंटी 100 दिनों से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने की तैयारी अंतिम चरण में है। अतिरिक्त 25 दिन रोजगार मिलने से हजारों ग्रामीण परिवारों की आय में बढ़ोतरी होगी और आर्थिक संबल मिलेगा।
योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए ग्राम पंचायतों ने कार्ययोजना तैयार करना शुरू कर दिया है। पंचायतें जल संरक्षण, तालाब गहरीकरण, मेड़बंदी, वृक्षारोपण, सड़क निर्माण एवं मरम्मत सहित अन्य विकास कार्यों की सूची तैयार कर रही हैं, ताकि योजना शुरू होते ही मजदूरों को बिना देरी रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में खेती के अलावा रोजगार के सीमित अवसर होने के कारण बड़ी संख्या में लोग पलायन करते हैं। ऐसे में रोजगार अवधि 125 दिन होने से ग्रामीणों को गांव में ही अधिक समय तक काम मिलेगा और पलायन पर भी रोक लगने की उम्मीद है।
पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि 1 जुलाई से योजना का लाभ पात्र परिवारों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मजदूरों का पंजीयन, कार्यों का चयन और प्रस्ताव तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है।
ग्रामीणों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़े हुए 25 दिन का रोजगार उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ गांवों के विकास कार्यों को भी गति देगा। 1 जुलाई से शुरू होने वाली इस व्यवस्था का ग्रामीण बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।