पुलिया निर्माण की मांग को लेकर भोपाल-सागर रोड पर लगाया जाम, PWD के ईई का घेराव
रायसेन। शहर में ड्रेनेज व्यवस्था की बदहाली लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। रविवार को दो घंटे हुई तेज बारिश के बाद सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के कार्यालय श्रीराम परिसर के पास स्थित राधा प्रेस वाली पुलिया से पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के घरों में घुस गया। पहली ही बारिश में घरों में पानी भरने से नाराज रहवासियों ने सोमवार रात भोपाल-सागर रोड पर चक्का जाम कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी करते हुए वर्षों से लंबित पुलिया निर्माण की मांग उठाई। रहवासियों का कहना था कि हर साल बारिश में उनके घरों में पानी भर जाता है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया। खास बात यह है कि जलभराव वाला क्षेत्र सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी के कार्यालय और उनके वार्ड के समीप स्थित है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।

चक्का जाम के कारण भोपाल-सागर रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री (ईई) बी.के. सूत्रकार मौके पर पहुंचे, जहां आक्रोशित लोगों ने उनका घेराव कर जल्द पुलिया निर्माण की मांग रखी। ईई ने जल्द निर्माण कराने का आश्वासन दिया, जिस पर लोगों ने लिखित आश्वासन की मांग की। बाद में अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
रहवासियों का कहना है कि यदि विधायक कार्यालय और वार्ड-15 के आसपास ही बारिश का पानी भर रहा है, तो शहर के अन्य हिस्सों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। महामाया चौक सहित कई निचले इलाकों में हर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है। व्यापारियों को दुकानें बंद करनी पड़ती हैं, लेकिन वर्षों बाद भी स्थायी समाधान नहीं हो सका है।