15 से 20 जून को मानसून आने का हनुमान जताया मौसम विभाग ने
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
क्षेत्र में मानसून की दस्तक की उम्मीद के साथ ही किसानों ने खरीफ सीजन की तैयारियां तेज कर दी हैं। दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा, संग्रामपुर, मुस्काबाद, गिदगढ़, जमुनिया, निनोद, सरार, बरजोरपुर, बालमपुर, कुलहड़िया, देहरी सहित आसपास के गांवों में किसान खेतों की जुताई और गड़ा (मेड़बंदी) बनाने के कार्य में जुट गए हैं।
किसानों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मौसम में बदलाव और बादलों की आवाजाही के चलते अच्छी बारिश की उम्मीद बढ़ी है। इसी को देखते हुए खेतों को धान की खेती के लिए तैयार किया जा रहा है। कई किसानों ने धान की नर्सरी (आप) भी लगा दी है, ताकि बारिश शुरू होते ही धान रोपाई का कार्य तत्काल प्रारंभ किया जा सके।

क्षेत्र के ग्रामीण किसानों के अनुसार समय पर बारिश होने से धान, सोयाबीन और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी। वहीं कृषि कार्यों के शुरू होने से गांवों में मजदूरों को भी रोजगार मिलने की उम्मीद है।
किसानों ने बताया कि मानसून की पहली अच्छी बारिश के बाद खेतों में पानी भरते ही धान रोपाई का कार्य बड़े पैमाने पर शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में किसान मौसम पर नजर बनाए हुए हैं और खरीफ सीजन को लेकर उत्साहित दिखाई दे रहे हैं। 15 से 30 जून को मानसून की आहट के बीच दीवानगंज क्षेत्र के किसान खेतों में गड़ा बनाकर और धान की नर्सरी तैयार कर खरीफ सीजन की तैयारियों में जुट गए हैं।