दाल मिल चौराहे दीवानगंज के पास हादसा, पुलिया में भरा था पानी; अधूरी रेलिंग और अनफिट वाहनों से बढ़ रहा हादसों का खतरा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज स्थित दाल मिल के पास शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बरजोरपुर से ईंट भरकर भोपाल जा रहा 407 वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया के नीचे जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे में चालक को गंभीर चोट नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि जिस पुलिया के नीचे 407 वाहन गिरा, उसमें पहले से पानी भरा हुआ था। यदि वाहन कुछ दूरी और आगे चला जाता तो वह पूरी तरह पानी में डूब सकता था। इससे चालक की जान को गंभीर खतरा हो सकता था। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्ष दर्शी के अनुसार सामने से आ रही यात्री बस को बचाने के चक्कर में यह दुर्घटना घटित हुई है।

हाईवे पर लगातार पलट रहे ईंटों से भरे वाहन
स्थानीय लोगों के अनुसार भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर ईंटों से भरे 407 और अन्य लोडिंग वाहन बड़ी संख्या में दिन-रात दौड़ रहे हैं। कई वाहन क्षमता से अधिक भार लेकर चलते हैं। इससे हाईवे पर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इससे पहले भी कुल्हड़िया, बालमपुर, भदभदा और मुड़ियाखेड़ा जोड़ सहित कई स्थानों पर ईंटों से भरे वाहन पलट चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर कई बार तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग के दौरान वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। तीन दिन पहले भी कुल्हड़िया के पास लोडिंग बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी थी। हादसे में चालक को मामूली चोट आई थी।
कई पुलियों पर अधूरी रेलिंग बनी खतरा
हाईवे 18 पर बनी कई पुलियों की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। कुछ पुलियों पर रेलिंग अधूरी है तो कहीं रेलिंग क्षतिग्रस्त पड़ी है। ऐसे स्थानों पर वाहन अनियंत्रित होने की स्थिति में सीधे पुलिया या खाई में गिरने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने हाईवे की पुलियों की सुरक्षा रेलिंग की जांच कराने, अधूरी रेलिंग को पूरा कराने और ओवरलोड व अनफिट वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।