सी के पारे
भोपाल । ईंटखेड़ी क्षेत्र में एक दुखद हादसे में 90 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग पीठ दर्द से राहत पाने के लिए इलेक्ट्रिक थेरेपी मैट का उपयोग कर रहे थे। इसी दौरान मैट में अचानक शॉर्ट-सर्किट हुआ और उसमें आग लग गई।
आग तेजी से फैलने के कारण बुजुर्ग उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह इलेक्ट्रिक सिस्टम में आई तकनीकी खराबी और शॉर्ट-सर्किट को माना जा रहा है। अधिकारियों द्वारा उपकरण की तकनीकी जांच कराई जा रही है।
इस घटना ने इलेक्ट्रिक थेरेपी उपकरणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे उपकरणों का उपयोग करते समय सावधानी बरतना आवश्यक है। यदि किसी उपकरण से स्पार्किंग, असामान्य गर्मी या जलने की गंध महसूस हो तो उसका उपयोग तुरंत बंद कर देना चाहिए।