– शिवपुरी में आवारा कुत्ते का हमला: सुबह से शाम तक 60 लोगों को काटा, शहर में दहशत
– शिवपुरी में पागल कुत्ते का आतंक
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी शहर में शनिवार को एक काले रंग के आवारा कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। एक ही दिन में सुबह से शाम तक अलग-अलग इलाकों में कुत्ते ने बच्चों, महिलाओं और पुरुषों पर हमला कर 60 से ज्यादा लोगों को घायल कर दिया। जिला अस्पताल में देर शाम तक घायलों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

बच्चों से लेकर बड़ों तक को काटा, घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई-
सबसे दर्दनाक घटना महल के पीछे लक्ष्मीबाई कॉलोनी रोड पर हुई। घर के बाहर खेल रही ढाई साल की मासूम पर कुत्ते ने अचानक हमला कर उसके चेहरे को जबड़ों में जकड़ लिया। बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने मुश्किल से उसे छुड़ाया। बचाव में एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ। इसी क्रम में विजयपुरम निवासी बलराम सिंह रावत, 8 वर्षीय वंशिका, पंचर बनाने वाले आजाद खान और नगर पालिका कर्मचारी अशोक खरे की पत्नी भी कुत्ते का शिकार बनीं। ठंडी सड़क स्थित फ्रूट मंडी में फल व्यापारी रहीश राइन पर भी कुत्ते ने हमला किया। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।

इन इलाकों में काले कुत्ते ने मचाया कहर-
हनुमान चौराहा, एमएम हॉस्पिटल, नवाब साहब रोड, खुड़ा बस्ती, कस्टम गेट, गांधी पार्क, फ्रूट मंडी समेत कई क्षेत्रों में एक ही कुत्ते द्वारा हमले की सूचना है। लगातार हमलों से लोगों में दहशत है। कई इलाकों में लोग घरों से निकलने में डर रहे हैं।
60 लोग अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे-
सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. यादव ने बताया कि 60 से अधिक घायलों का उपचार किया जा रहा है। अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। इधर दूसरी ओर नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ ने कहा कि कुत्ते को पकड़ने के लिए कई टीमें ने सर्च अभियान चलाया और इस कुत्ते को देर शाम को पकड़ लिया गया है।