रायसेन। शनिवार दोपहर सागर रोड स्थित अमरावत घाटी पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बाइक को बचाने के प्रयास में एक कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया और पेड़ को तोड़ते हुए पलट गया। हादसे में कंटेनर चालक केबिन में फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार कंटेनर क्रमांक RJ 14 GU 3067 सागर रोड की ओर से रायसेन की ओर आ रहा था। अमरावत घाटी के पास सामने आई मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में चालक ने कंटेनर मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे उतर गया और पेड़ से टकराते हुए पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कंटेनर के नीचे पेड़ दब गया, जबकि चालक केबिन में फंस गया था। घटना क्षेत्र थाना कोतवाली रायसेन अंतर्गत था, लेकिन सूचना मिलते ही देवनगर थाना प्रभारी हरिओम आस्तया बिना देर किए करीब 20 किलोमीटर दूर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर चौकी मोबाइल नकतरा की सहायता से जिला अस्पताल रायसेन पहुंचाया।
थाना प्रभारी हरिओम आस्तया ने बताया कि चालक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है। प्रारंभिक जांच में ।सामने आया है कि मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।