रायसेन। जिले की बाड़ी नगर पंचायत परिषद एक बार फिर विवादों में है। नगर पंचायत में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर 24 फरवरी को भोपाल कमिश्नर एवं रायसेन कलेक्टर के यहां लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में मुख्य नगर पंचायत अधिकारी ज्योति शिवहरे एवं उपयंत्री विभूति दरबार के नाम शामिल बताए गए हैं।
शिकायतकर्ता पत्रकार विनोद कुमार साहू का आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद उन्हें पहले डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। इसके बाद कथित रूप से लोभ-लालच देकर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया, लेकिन जब वे किसी दबाव में नहीं आए तो अब नगर पंचायत प्रशासन द्वारा उनके मकान को तोड़ने का अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया।

सवाल यह उठ रहा है कि क्या शिकायत करना अब अपराध माना जाएगा? क्या प्रशासनिक कार्रवाई की आड़ में शिकायतकर्ता पर दबाव बनाया जा रहा है? मामले को लेकर नगर पंचायत परिषद बाड़ी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
