– आलमपुर सब स्टेशन पर 3.15 एमवीए की जगह लगाया गया 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की गैरतगंज तहसील क्षेत्र के आलमपुर सब स्टेशन से जुड़े करीब एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों एवं किसानों को लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। बिजली विभाग द्वारा समस्या के निराकरण के लिए आलमपुर सब स्टेशन पर अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है।
मंगलवार को विद्युत विभाग के एई गौरव अटूट एवं गैरतगंज जेई शैलेश पटेल की मौजूदगी में सब स्टेशन पर 3.15 एमवीए के पुराने ट्रांसफार्मर के स्थान पर 5 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर रखवाया गया। पुराने ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने के कारण विद्युत वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों एवं किसानों को लो वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
जेई शैलेश पटेल ने बताया कि ग्रामीणों एवं किसानों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होने और लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
आलमपुर सब स्टेशन से बीनापुर, खेजड़ा, खेड़ा, नागझिर, सिंहपुर सहित करीब एक दर्जन गांवों में बिजली की आपूर्ति की जाती है। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाए जाने से इन गांवों के ग्रामीणों एवं किसानों को लाभ मिलने की संभावना है।