– शिवपुरी शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्र बरखेड़ी गांव में भी निकला मगरमच्छ, दहशत में आए ग्रामीण, रेस्क्यू किया गया
– शिवपुरी के रिहायशी इलाके कृष्णापुरम कॉलोनी में आया 6 फीट का मगरमच्छ, सीसीटीवी में हो गया कैद
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में आए दिन निकल रहे मगरमच्छ लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। शिवपुरी के शहरी क्षेत्र के अलावा अब ग्रामीण क्षेत्र में भी मगरमच्छ निकल रहे हैं और इन मगरमच्छों ने दहशत फैला दी है। बीते दो दिन में जिले के ग्रामीण इलाकों के अलावा शहरी क्षेत्र में भी मगरमच्छ देखा गया है। शिवपुरी शहर के कृष्णापुरम कॉलोनी में तो एक सीसीटीवी में 6 फीट का मगरमच्छ कैमरे में कैद हुआ है जो शहर के रिहायशी इलाके में घूमता हुआ पाया गया है।
केस नंबर- 1
गांव में आ गया आठ फीट का मगरमच्छ-
शिवपुरी जिले में बरखेड़ी गांव में देर रात एक आठ फीट का मगरमच्छ घुस आया। यह मगरमच्छ गांव में घूमते हुए लोगों ने देखा तो तत्काल वन महकमे को मामले की सूचना दी। उक्त सूचना के उपरांत वन विभाग का अमला वन्य प्राणी रेस्क्यू स्पेशलिस्ट सलमान पठान को साथ लेकर मौके पर पहुंचा। करीब दो घंटे के रेस्क्यू के उपरांत मगरमच्छ को रात भर गांव में ही रस्सियों से बांधकर रखा गया। बाद में वन अमले की टीम ने मगरमच्छ को ले जाकर मड़ीखेड़ा डेम में छोड़ दिया। माना जा रहा है कि यह मगरमच्छ मड़ीखेड़ डेम क्षेत्र से ही निकलकर उक्त गांव तक पहुंचा होगा।

केस नंबर 2-
रिहायशी इलाके में आए गए मिस्टर मगरमच्छ-
शिवपुरी शहर के रिहायशी इलाकों में से एक कृष्णपुरम कॉलोनी में रात को 5 फीट का मगरमच्छ आ गया। देर रात कृष्णपुरम कॉलोनी में यह मगरमच्छ देखा गया। यह मगरमच्छ कॉलोनी की सड़कों पर खुलेआम घूमता नजर आया। इस कॉलोनी में मगरमच्छ घूमता हुआ यहां पर रहने वाले कुलदीप गुप्ता के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। कॉलोनी में रहने वाले लोगों ने बताया कि यह मगरमच्छ करीब 5 फीट लंबा रहा। रात को इसे देखा गया। कॉलोनी में मगरमच्छ रात को सड़क पर घूमता दिखाई देने और वीडियो सामने आते ही कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया है।
लोगों का कहना है कि अब इनसे बचने के उपाए करने होंगे-
शिवपुरी में लगातार मगरमच्छ निकलने के बाद लोगों में दहशत है। खासकर शिवपुरी के सांख्यसागर झील जो माधव राष्ट्रीय उद्यान में हैं और इससे लगे नालों के आसपास रहने वाले लोग परेशानी में आ गए हैं। लोगों का कहना है कि सांख्यसागर झील में 2 हजार से ज्यादा मगरमच्छ हो गए हैं। इस सांख्य सागर झील से निकलकर मगरमच्छ नालों के सहारे शहर में आ जाते हैं। पूर्व में कई कॉलोनियों में यह मगरमच्छ निकल चुके हैं। लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन व वन विभाग को अब इनसे बचने के उपाए करने होंगे।