मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
ग्राम दीवानगंज में तालाब के पास स्थित हैंडपंप पिछले 20 से 25 दिनों से खराब पड़ा हुआ है, जिससे मोहल्ले और आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या गहराने लगी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक उदासीन बना हुआ है।
बताया गया है कि दीवानगंज सरपंच द्वारा पीएचई विभाग को दो बार सूचना दी जा चुकी है, इसके बावजूद आज तक हैंडपंप की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली कटौती होने पर जल सप्लाई बंद हो जाती है और उस समय यही हैंडपंप लोगों के लिए पानी का मुख्य सहारा बनता है। लेकिन लंबे समय से खराब होने के कारण लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। गर्मी के मौसम में पेयजल संकट बढ़ता जा रहा है और छोटे बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने पीएचई विभाग से जल्द से जल्द हैंडपंप सुधारने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके और पानी की समस्या से निजात मल पाए।