घरेलू विवाद में पत्नी की सिर कुचलकर की हत्या , बच्चे को लावारिस जंगल में छोड़ा ,पुलिस ने बच्चा सकुशल बरामद किया
शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
विदिशा जिले के हैदरगढ़ थानांतर्गत ग्राम हिनोतिया पचौरी निवासी एक युवक ने शनिवार को घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी और अपने दो वर्षीय पुत्र को लेकर भाग निकला था।
जिसे हत्यारे पिता ने बेगमगंज तहसील के ग्राम कोहनियां के पास झिरिया मंदिर के पीछे नाले में पटक कर भाग लिया था।जिसे आज बेगमगंज पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस की तत्परता से 02 वर्षीय बालक को मात्र 12 घंटे में सकुशल दस्तयाब किए जाने से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि 02 मई को थाना हैदरगढ़ क्षेत्र से एक गंभीर घटना के संबंध में सूचना प्राप्त हुई, जिसमें आरोपी राजेन्द्र पिता सुन्दर अहिरवार, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम हिनौतिया पचौरी द्वारा अपनी पत्नी की हत्या कर घटना के बाद अपने 02 वर्षीय पुत्र को साथ लेकर थाना बेगमगंज क्षेत्र स्थित खेत पर बनी मढिया में छोड़ दिया था। थाना हैदरगढ़ पुलिस द्वारा रात्रि 09 बजे बच्चे के गुम हो जाने की सूचना थाना बेगमगंज को दी गई।
उक्त सूचना पर थाना बेगमगंज में अपराध क्रमांक XX/2026, धारा 137(2) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसेके मार्गदर्शन में एवं एसडीओपी बेगमगंज श्रीमती सोनाली गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस द्वारा तत्काल विशेष सर्च ऑपरेशन प्रारंभ किया गया।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा रात्रि भर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जहां जंगली जानवरों का भी खतरा बना रहता है। पुलिस टीम द्वारा आसपास के जंगल, खेत एवं संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली गई। जिसके परिणाम स्वरूप करीब 12 घंटे के अंदर नाबालिक को झिरिया मंदिर के पास सकुशल दस्तयाब कर लिया।
सतत प्रयासों एवं प्रभावी सर्च ऑपरेशन के फलस्वरूप मात्र 12 घंटे के भीतर बालक को सकुशल दस्तयाब कर बेगमगंज अस्पताल में बालक का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। बालक पूर्णतः स्वस्थ है जिसे उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया ।