6 साल में भी नहीं बना रेलवे स्टेशन का फुट ओवरब्रिज, रोज जान जोखिम में डालकर पटरी पार कर रहे ग्रामीण, विद्यार्थी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज (एफओबी) का काम छह वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। अधूरे निर्माण के कारण क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आज भी रेलवे पटरियां पार कर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि अंबाड़ी-छपराई रेलवे फाटक बंद होने के बाद उनकी परेशानी और बढ़ गई है। केमखेड़ी, घोड़ाचौक, पिपरई, कालीटोर, सत्ती, मुनारा समेत एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग भोपाल, विदिशा, सांची, सलामतपुर और दीवानगंज आने-जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। फुट ओवरब्रिज का निर्माण अधूरा होने के कारण उन्हें रोजाना रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बीमार मरीजों, गर्भवती महिलाओं और स्कूली बच्चों को भी रेलवे पटरियां पार करानी पड़ती हैं। भोपाल-बीना रेलखंड पर लगातार ट्रेनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में ट्रैक पार करना बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। 15 जून से स्कूल खुल चुके हैं कई विद्यार्थी रोजाना सुबह शाम रेल की पटरिया पार कर स्कूल आते जाते हैं। किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
रेलवे विभाग द्वारा बनाए गए अंडरपास में अधिकांश समय पानी भरा रहता है। बरसात के दौरान वहां से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोगों के सामने रेलवे ट्रैक पार करने के अलावा कोई दूसरा सुरक्षित विकल्प नहीं बचता।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। सेमरा निवासी मुकेश लोधी, हेमंत लोधी, लक्ष्मण सिंह लोधी, सचिन लोधी, सलमान खान, महेश सिंह लोधी और राहुप खान सहित अन्य लोगों ने कहा कि छह साल बाद भी पुल का निर्माण पूरा नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
सेमरा सरपंच भानु लोधी ने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण रेलवे पटरियां पार कर अपने काम से आते-जाते हैं। कई छात्र-छात्राएं भी सेमरा हाई स्कूल और दीवानगंज हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
स्थानीय निवासी महेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि अधूरे फुट ओवरब्रिज के कारण क्षेत्र के लोगों को लगातार खतरे का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द निर्माण पूरा नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि दीवानगंज रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।