मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज क्षेत्र के ग्राम जमुनिया में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आदर्श लोधी क्षत्रिय राजपूत समाज द्वारा 27वां सामूहिक विवाह सम्मेलन बड़े ही भव्य और पारंपरिक तरीके से आयोजित किया गया। इस आयोजन में अनेक नवयुगलों ने एक साथ वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की।
सम्मेलन के दौरान वरमाला कार्यक्रम के बाद सभी नवविवाहित जोड़ों को वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी जी की तस्वीर भेंट कर उन्हें समाज की गौरवशाली विरासत और प्रेरणा से जोड़ा गया। पूरे आयोजन में उत्साह, उल्लास और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, मुख्य अतिथि, समाज के वरिष्ठजन, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
इस सफल आयोजन के लिए समिति के सभी सदस्यों, ग्रामवासियों, सामाजिक बंधुओं एवं क्षेत्रवासियों का विशेष योगदान रहा। सामूहिक विवाह सम्मेलन ने एक बार फिर समाज में एकता, सहयोग और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया है।