प्राचीन बावड़ी की सफाई के लिए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने किया श्रमदान, ग्रामीणों को दिया जल संरक्षण का संदेश
- महलपुर पाठा में राधा-कृष्ण मंदिर स्थित किले वाली बावड़ी का किया गया गहरीकरण
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
शासन केमहत्वाकांक्षी ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत गुरुवार को गैरतगंज तहसील के ग्राम महलपुर पाठा में जल स्रोतों के पुनरुद्धार हेतु विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्वयं श्रमदान कर प्राचीन बावड़ी की साफ-सफाई की और ग्रामीणों को जल संचय के प्रति जागरूक किया।

ग्राम महलपुर पाठा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के समीप बनी ऐतिहासिक किले वाली बावड़ी पर यह अभियान चलाया गया। लंबे समय से उपेक्षित इस बावड़ी में जमा कचरे और मलबे को श्रमदान के माध्यम से साफ किया गया। अभियान के दौरान न केवल सफाई की गई, बल्कि बावड़ी के गहरीकरण का कार्य भी किया गया ताकि आगामी वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक जल संग्रहित किया जा सके।अभियान में प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

इस मौके पर मुख्य रूप से एसडीएम अंकित जैन, जनपद सीईओ पूजा जैन, नायब तहसीलदार योगेश्वर भारती, जनप्रतिनिधियो में सरपंच बद्री अहिरवार, जनपद सदस्य मिश्री लाल एवं अन्य स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। श्रमदान के पश्चात एसडीएम अंकित जैन ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है और प्राचीन जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बारिश के पानी को सहेजने के लिए अपने घरों और आसपास जल संवर्धन की तकनीकों को अपनाएं और पानी की बर्बादी रोकें।