Let’s travel together.

आईटीएम हॉस्पिटल में विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर एवं उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने किया आधुनिक ओटी, सीटीवीएस आईसीयू और सीसीयू का लोकार्पण 

0 16

 स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिये साझा प्रयास जरूरी – उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल 

लोक सेवा के सर्वोत्तम माध्यम होते हैं अस्पताल – विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर 

उप मुख्यमंत्री ने कहा ग्वालियर में 80 करोड़ की लागत से बनने जा रहा है कैंसर हॉस्पिटल  

लगभग एक हजार करोड़ की लागत से होगा जीआर मेडीकल कॉलेज का कायाकल्प 

ग्वालियर । विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य एवं प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में गुरुवार को आईटीएम हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर में मॉड्यूलर ओटी कॉम्प्लेक्स, कार्डियोथोरेसिक व वैस्कुलर सर्जरी इंटेंसिव केयर यूनिट (सीटीवीएसआईसीयू) एवं कार्डियक केयर यूनिट (सीसीयू) का लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम में आईटीएम यूनिवर्सिटी की कुलाधिपति श्रीमती रुचि सिंह, कुलगुरू प्रो. योगेश उपाध्याय एवं डॉ. मनीष अग्रवाल मंचासीन थे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराने एवं स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार के लिए सरकार के साथ निजी क्षेत्र का सहयोग भी जरूरी है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकारी और निजी क्षेत्र मिलकर आगे बढ़ेंगे तो ग्वालियर में भी महानगरों की तरह उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी और किसी भी मरीज को दिल्ली या किसी अन्य महानगर के अस्पतालों के लिये रिफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खुशी की बात है इस दिशा में आईटीएम अस्पताल आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आदर्श काम कैसे हो सकता है। यह आईटीएम यूनिवर्सिटी व हॉस्पिटल में देखा जा सकता है।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। इस कड़ी में ग्वालियर में कैंसर के इलाज के लिये मुम्बई के टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल जैसी स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराने के कैंसर के लिये विशेष हॉस्पिटल की स्थापना की जा रही है। इसके लिये सरकार द्वारा 80 करोड़ रुपए की धनराशि जीआर मेडीकल कॉलेज को उपलब्ध करा दी गई है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर के जीआर मेडीकल कॉलेज का कायाकल्प भी सरकार करने जा रही है। इसके लिये एक हजार करोड़ रुपए की कार्ययोजना तैयार की गई है। इस राशि से मेडीकल कॉलेज का नवीन भवन सहित अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधायें उपलब्ध कराई जायेंगीं। उन्होंने कहा ग्वालियर सहित प्रदेश के सभी महानगरों के मेडीकल कॉलेज से जुड़े अस्पताल एम्स की तर्ज पर विकसित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का तेजी से विकास हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में क्रांतिकारी काम हो रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के 60 करोड़ लोगों को जोड़ा गया है। अकेले मध्यप्रदेश में 14 करोड़ लोगों को इस योजना के तहत अब तक अत्याधुनिक इलाज की सुविधा मिल चुकी है। श्री शुक्ल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिये स्वस्थ भारत का निर्माण भी जरूरी है। हम सभी के साझा प्रयासों से प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संकल्प के अनुरूप वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने में कामयाब होंगे।

विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि अस्पताल लोकसेवा के सर्वोत्तम माध्यम होते हैं। सेवा भाव व ईमानदारी से स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध कराई जाएं तो पुण्य के साथ यश प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने आईटीएम समूह के संस्थापक श्री रमाशंकर सिंह की दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ आईटीएम ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सराहनीय व सफल पहल की है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हॉस्पिटल का उद्देश्य केवल लाभ कमाना ही नहीं, आम जन को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना भी है। प्रसन्नता की बात है कि आईटीएम ने इस दिशा में सकारात्मक पहल की है।

स्वागत उदबोधन आईटीएम के चांसलर डॉ. दौलत सिंह चौहान ने दिया। उन्होंने आईटीएम हॉस्पिटल में उपलब्ध अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी। डॉ. चौहान ने बताया कि आज आईटीएम हॉस्पिटल में नए चार आधुनिक ऑपरेशन थियेटर, सीटीवीएस आईसीयू और सीसीयू जैसी सुविधाओं का लोकार्पण हुआ है। अब हॉस्पिटल में देश के अत्याधुनिक हॉस्पिटलों की दर्ज पर जटिल सर्जरी हो सकेंगीं। उन्होंने बताया पिछले चार वर्षों में आईटीएम हॉस्पिटल में लगभग ढाई लाख नि:शुल्क ओपीडी, 72 हजार से अधिक ऑपरेशन तथा करीब 10 हजार नेत्र ऑपरेशन किए जा चुके हैं।

आरंभ में अतिथियों ने पट्टिका का अनावरण एवं फीता काटकर आईटीएम हॉस्पिटल में आधुनिक ऑपरेशन थियेटर, सीटीवीएस आईसीयू और सीसीयू जैसी सुविधाओं का लोकार्पण किया। अंत में वाइस चांसलर डॉ. योगेश उपाध्याय ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

कर्क रेखा से हलाली डैम तक उमड़ा सैलानियों का सैलाब, झरने और ब्लू वाटर ने मोहा मन     |     बारिश में दलदल बना सत्ती-केमखेड़ी मार्ग, छह गांवों के ग्रामीण बेहाल     |     सीहोर की नन्ही प्रतिभा ने रचा इतिहास: ढाई साल की वान्या सचदेव का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज     |     वायरल वीडियो ::ना आपकी गारंटी, ना मेरी. सीहोर में मंच से मंत्री करण सिंह वर्मा ने कलेक्टर से की मजेदार चुटकी, वीडियो वायरल     |     कोयकतोड़ गौंडवाना महासभा का पांचवे  दिन भी धरना प्रदर्शन जारी, 17 सितंबर को बड़े आंदोलन की तैयारी     |     सर्वतोभद्र जिनालय निर्माण में 1008 महिलाएं देंगी दान     |     बेगमगंज में किसानों की समस्याओं को लेकर बड़ी ट्रेक्टर रैली के साथ हजारों कांग्रेसियों ने किया जंगी आंदोलन     |     हरतालिका तीज पर गौर तो श्रीगणेश उत्सव पर हुई विशेष पूजा -अर्चना ओर स्थापना     |     पहले पेट्रोल डलवाया, फिर चाकू दिखाकर लूटे 10 हजार; भोपाल में पकड़े गए चार आरोपी     |     खाना पसंद नहीं आया तो चाकू से हमला, भोजनालय मालिक गंभीर     |    

Don`t copy text!
पत्रकार बंधु भारत के किसी भी क्षेत्र से जुड़ने के लिए इस नम्बर पर सम्पर्क करें- 9425036811