शरद शर्मा बेगमगंज, रायसेन
सावन माह के शुरूआत में गुरुवार को पत्रकारों और अधिकारियों द्वारा थाना परिसर में एक दर्जन पौधों का सामूहिक वृक्षारोपण किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाना तथा भावी पीढ़ी को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से पौधारोपण किया गया।
इस दौरान एसडीएम प्रियंका भलावी, एसडीओपी सोनाली गुप्ता, टीआई राजीव उईके, एसआई संजीव पवार, पत्रकार शानु रैकवार, विशाल सिंह शिल्पी, आकाश गोहिल आदि पत्रकारों ने मिलकर जामुन, अमरूद, बेलपत्र, आंवला आदि एक दर्जन फलदार पौधों का रोपण किया।
इस दौरान एसडीएम प्रियंका भलावी ने बताया कि सावन का पवित्र महिना प्रारंभ हुआ है वृक्षारोपण को लेकर पत्रकारों की यह बहुत सराहनीय पहल है। शासन द्वारा भी समय – समय पर वृक्षों के संरक्षण के लिए अभियान चलाए जाते हैं। वृक्ष हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है क्योंकि वृक्षों से ही प्रकृति का संतुलन बना हुआ है।
वहीं एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि वृक्ष हर व्यक्ति को लगाना चाहिए क्योंकि वृक्ष हमारे जीवन की रक्षा करते हैं उनसे मिलने वाली आक्सीजन से ही लोगों का जीवन संभव है और प्रकृति एवं पर्यावरण के संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए हर एक व्यक्ति को वृक्ष लगाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया और लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश भी दिया।