यूजीसी काूनन के विरोध में शिवपुरी रहा बंद, भाजपा कार्यकर्ताओं के बजट लाइव प्रसारण कार्यक्रम में हंगामा, कुर्सियां तोड़ी
– नरवर में भी दो पक्षों के बीच आपस में मारपीट
– यूजीसी काूनन को लेकर विरोध में उतरे लोग, भाजपा के बजट प्रसारण कार्यक्रम में हंगामा
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में रविवार को यूजीसी कानून को लेकर बुलाए गए भारत बंद को लेकर कई जगह पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस विरोध प्रदर्शन में शिवपुरी और नरवर में भाजपा के बजट लाइव प्रसारण कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। करैरा में यूजीसी कानून का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने यहां पर हंगामा मचाते हुए कुर्सियां तोड़ दी और नारेबाजी की। इस दौरान यहां पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। इसके अलावा नरवर में भारत बंद के दौरान एक दुकान बंद कराए जाने को लेकर यूजीसी कानून का विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने एक दुकानदार की मारपीट कर दी जिससे यहां पर माहौल गरमाया गया और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

शिवपुरी व करैरा में भाजपा कार्यक्रम में हंगामा-
रविवार को शिवपुरी सहित जिले के अंचल में यूजीसी कानून के विरोध में बुलाया गया भारत बंद उस समय उग्र हो गया। शिवपुरी जिला मुख्यालय पर भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव की मौजूदगी में लाइव बजट कार्यक्रम सुना जा रहा था तभी यूजीसी कानून का विरोध कर रहे लोग पहुंच गए यहां पर हंगामा किया गया और विरोध में नारे लगे लेकिन पुलिस ने मामला संभाल लिया। इसके अलावा करैरा में भाजपा का बजट कार्यक्रम चल रहा था। वहां पर प्रदर्शनकारियों ने घुसकर नारेबाजी की। तोड़फोड़ करते हुए कुर्सियां फेंकी। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इससे बजट कार्यक्रम रद्द करना पड़ गया। वहीं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत को जाना पड़ा।

मारपीट व दुकानों में की तोड़फोड़-
भारत बंद के दौरान करैरा में बाजार बंद कराते समय तिल रोड स्थित एक ऑनलाइन दुकान और कच्ची गली में एक गारमेंट दुकान में तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। वहीं, नरवर कस्बे की मौजपुर मार्केट में व्यापारी ने दुकान नहीं बंद की तो प्रदर्शनकारियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। बाद में पुलिस ने यहां पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठी चलाई।