– प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान में हुआ गुरु पूजन कार्यक्रम
भोपाल। मनुष्य जीवन में गुरु शिक्षा से नया मार्ग प्रशस्त होता है तथा व्यक्ति का जीवन बदल जाता है। गुरु आज्ञा का जीवन में बड़ा महत्व है तथा गुरु से जो हमने सीखा वह जीवन में क्रियान्वित अवश्य होना चाहिए, यही गुरु के प्रति श्रद्धा का सही समर्पण होता है।
भोपाल स्थित प्रगत शैक्षिक अध्ययन संस्थान में यह बात गुरु पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के संचालक डा. रामकुमार स्वर्णकार ने कही। आयोजन में एमएड और बीएड में संस्थान में अध्ययनरत छात्राध्यापकों ने सभी शिक्षकों का परंपरानुसार गुरु पूजन कर उन्हें उपहार दिए। इस मौके पर छात्राध्यापकों ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संचालक डा. स्वर्णकार ने कहा कि जीवन में गुरु का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है तथा गुरु जीवन के विभिन्न भागों में अलग अलग होते हैं। सभी गुरुओं के प्रति हमारी अगाध श्रद्धा होनी चाहिए इसी से असीम फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने जीवन में गुरु की तुलना साक्षात परमात्मा से करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को अज्ञान से प्रकाश की ओर ले जाने वाला एवं परब्रम्ह के समान माना गया है। इस रूप में हमें गुरु को मानना चाहिए। उन्होंने शिक्षा दी कि जीवन में सदैव सकारात्मक रहते हुए कर्मशील रहें तथा सत्कर्म करते रहें। इस मौके पर संस्थान के शिक्षक डा. शैलेन्द्र निगम सहित समस्त स्टाफ मेम्बर उपस्थित रहे।