झाड़ फूक के नाम पर 6 माह के बच्चे को जलाने वाले तांत्रिक पर मामला दर्ज, बच्चों की आंख के कॉर्निया खराब
– मामला सामने आने के बाद तांत्रिक फरार
-झाड़- फूक के नाम पर आग के ऊपर टांग दिया था
– अंधविश्वास में अंधे हुए माता-पिता
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी जिले में झाड़- फूक के नाम पर अमानवीयता का व्यवहार करने वाले तांत्रिक पर मामला दर्ज कर लिया गया है। तांत्रिक ने झाड़ फूक चक्कर में 6 माह के बच्चे को धोनी देने के नाम पर जला दिया था। पुलिस ने इस मामले में तांत्रिक रघुवीर धाकड़ के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। कोलारस के एसडीओपी विजय सिंह यादव ने बताया कि उक्त मामले में संबंधित तांत्रिक रघुवीर धाकड़ के खिलाफ कोलारस थाने पर अपराध क्रमांक 71/25 धारा 118(1) बीएनएस धारा 75 जेजे एक्ट का मामला कायम कर विवेचना में लिया गया। आरोपी अभी वह फरार है उसकी तलाश की जा रही है।
झाड़- फूक के नाम पर आग के ऊपर टांग दिया था-
बताया जाता है कि आरोपी तांत्रिक रघुवीर धाकड के द्वारा बच्चे का झाड फूंक करते समय उसे भभूत देने के नाम से नीचे आग जलाकर बच्चे का दोनों पैर पकडकर उसे उलटा कर आग के ऊपर टांग दिया था। आग ज्यादा होने से बच्चे का चेहरा झुलस कर घाव हो गया एवं दोनों आंखो में अत्यधिक धुंआ चला गया जिससे आंखो में क्षति पहुंची है। इस घटना के बाद बच्चे के माता-पिता बच्चे को लेकर जिला मुख्यालय पर आए। यहां पर जिला अस्पताल में बच्चे को भर्ती कराया गया है।
अंधविश्वास में अंधे हुए माता-पिता-
बताया जाता है कि शिवपुरी जिले में एक माता-पिता के द्वारा अंधविश्वास में अंधा हो जाने के बाद इनके 6 माह के बच्चे की जान से खिलवाड़ का मामला दो दिन पहले सामने आया था। शिवपुरी के ग्राम ग्राम खैरोना निवासी आदेश वर्मा के 6 महीने के बेटे मयंक की पिछले कुछ दिनों से तबीयत खराब थी परिवार ने इस पर मसान का चक्कर मान लिया और तांत्रिक के पास ले गए। तांत्रिक ने इस बच्चे को धोनी दे डाली जिसके कारण बच्चों की हालत बिगड़ गई। बच्चे को गाल पर जला दिया इसके अलावा आंख के कॉर्नियां पर भी उसका प्रभाव आया है बच्चों की हालत खराब है आंखों पर भी संकट के बादल हैं। तांत्रिक ने इस बालक को धोनी दे डाली गाल पर जला दिया था जिससे आंखों में इंफेक्शन फैल गया है। कॉर्निया पर इसका प्रभाव पड़ा है और सफेद पड़ चुका है।