यात्रियों के बैठने की जगह बोतलें और गंदगी, बाहर खड़े होकर बस का इंतजार करने को मजबूर यात्री
देखरेख के अभाव में खंडहर में तब्दील हो रहे प्रतीक्षालय
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज क्षेत्र से गुजरने वाले भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए बस प्रतीक्षालय अब अपनी उपयोगिता खोते जा रहे हैं। देखरेख और निगरानी के अभाव में फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास और सेमरा-छोला रोड के पास बने प्रतीक्षालय असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गए हैं। रात के समय यहां शराबखोरी होने से सुबह यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिलती।
सुबह पहुंचते ही नजर आती हैं शराब की बोतलें
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात तक कुछ लोग प्रतीक्षालयों में बैठकर शराब पीते हैं। शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल और अन्य गंदगी वहीं छोड़ दी जाती है। सुबह बस का इंतजार करने पहुंचने वाले यात्रियों को प्रतीक्षालय के अंदर यही स्थिति देखने को मिलती है। गंदगी और शराब की बोतलों के कारण यात्री अंदर बैठने से बचते हैं और धूप, बारिश में बाहर खड़े होकर बस का इंतजार करने को मजबूर होते हैं।

सुविधा के लिए बने, अब हो रहे बदहाल
ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए इन प्रतीक्षालयों का निर्माण कराया गया था। लेकिन नियमित साफ-सफाई, मरम्मत और निगरानी नहीं होने से इनकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। कई जगह प्रतीक्षालयों में गंदगी जमा है और भवन भी जर्जर होने लगे हैं। ऐसे में यात्रियों के लिए बनाई गई सुविधा धीरे-धीरे उपेक्षा का शिकार होकर खंडहर में तब्दील होती जा रही है।

रात में निगरानी और नियमित सफाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से प्रतीक्षालयों की स्थिति पर ध्यान देने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि प्रतीक्षालयों की नियमित सफाई, आवश्यक मरम्मत और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रोका जा सके। यात्रियों का कहना है कि हाईवे पर बसों का इंतजार करने के लिए बनाए गए प्रतीक्षालयों को सुरक्षित और स्वच्छ रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।