कुलहड़िया इंडियन पेट्रोल पंप के पास हादसा, ग्रामीणों ने खाई से निकालकर घायल को पहुंचाया उपचार के लिए
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर शनिवार को कुलहड़िया और कर्क रेखा के बीच इंडियन पेट्रोल पंप के समीप ओवरटेक करते समय बुलेट और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों मोटरसाइकिल चालक घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेट सवार सड़क पर गिर गया, जबकि स्प्लेंडर सवार अनियंत्रित होकर करीब पांच फीट गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद पेट्रोल पंप के आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खाई में गिरे स्प्लेंडर चालक तथा उसकी मोटरसाइकिल को बाहर निकाला। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। दुर्घटना में दोनों मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि बुलेट चालक विदिशा से भोपाल की ओर जा रहा था, जबकि स्प्लेंडर चालक भोपाल से विदिशा की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों इंडियन पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे तो आगे चल रही ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करते समय दोनों की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
कुछ दिन पहले ही बालमपुर चौराहे पर भोपाल निवासी गुरुआ अहिरवार की मोटरसाइकिल को कार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में गंभीर रूप से घायल गुरुआ अहिरवार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

हाईवे-18 पर लगातार हो रहे हादसे
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। आए दिन अलग-अलग स्थानों पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से राहगीर घायल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार भोपाल से सलामतपुर के बीच करीब 40 किलोमीटर के मार्ग पर पिछले एक साल में 200 से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इनमें करीब 25 लोगों की मौत और 200 से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना रोकने के प्रभावी इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।