विधायक डॉ.प्रभुराम चौधरी ने बंडोली गांव में साढ़े सैंतीस लाख रू के पंचायत भवन निर्माण का भूमिपूजन किया
क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के संकल्प को कर रहे पूरा
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
प्रदेश की भाजपा सरकार क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर है। विकास के किसी भी मामले में क्षेत्र पीछे न रहे, लोगों को बेहतर सुविधाएं मिले, सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचे। इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है। क्षेत्र के विकास के संकल्प को पूरा किया जा रहा है।
यह बात क्षेत्रीय विधायक डॉ.प्रभुराम चौधरी ने तहसील गैरतगंज बंडोली में बनने वाले साढ़े सैंतीस लाख लागत के पंचायत भवन निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम के मौके पर कही। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि क्षेत्र भर में गॉव-गॉव में विकास कार्यों को विस्तार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य केन्द्र खोले गए हैं, सभी लोगों के पास स्वयं का पक्का घर हो, इसके लिए सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर बनाने के लिए राशि दी जा रही है।

सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास और कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। साथ ही क्षेत्र के अधोसंरचनात्मक विकास के संकल्प को पूरा किया जा रहा है। पंचायत भवन के बनने से लोगों को एक ही स्थान पर योजनाओं के लाभ के लिए संपर्क स्थल की सुविधा मिल जाएगी वहीं ग्राम विकास के कार्यों का संचालन व्यवस्थित हो जाएगा। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, जपं अध्यक्ष विजय पटेल, नप अध्यक्ष जिनेश सिंघई, नप उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, नगर मंडल अध्यक्ष संजय जैन, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मनोज पठ्या, देवनगर मंडल अध्यक्ष वीरसिंह लोधी, हरिकृष्ण गौर, दरयाव पटेल, वृंदावन अहिरवार, राकेश श्रीवास्तव, संतोष मालवीय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे।