बेगमगंज रायसेन।सियावास युवक मंडल द्वारा “मासिक धर्म संस्कार एवं जागरूकता अभियान” के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाविद्यालय में एक प्रभावशाली जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल छात्राओं ही नहीं बल्कि छात्रों को भी मासिक धर्म के प्रति जागरूक करना एवं समाज में फैली झिझक और भ्रांतियों को दूर करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सैनिक राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे। साथ ही महिला विशेषज्ञ आरती अहिरवार, महिला एवं बाल विकास विभाग से हरि बाई, महाविद्यालय के प्राचार्य केके साहू एवं महिला कांस्टेबल अंजली भदौरिया की विशेष उपस्थिति रही।

महिला विशेषज्ञ द्वारा मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सावधानियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने खुलकर मासिक धर्म से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से समाधान किया गया। साथ ही छात्रों को भी इस विषय के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनने का संदेश दिया गया, ताकि समाज में इस प्राकृतिक प्रक्रिया को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए। आयोजन के दौरान यह संदेश भी दिया गया कि मासिक धर्म कोई शर्म या छिपाने का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी एक सामान्य एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है। वक्ताओं ने कहा कि जिस समाज में खुलेआम अन्य चीजों की चर्चा होती है, वहां महिलाओं की आवश्यकताओं और स्वच्छता पर खुलकर बात होना भी उतना ही आवश्यक है।

सियावास युवक मंडल की टीम ने युवाओं के साथ मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाया। उपस्थित छात्र-छात्राओं ने अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
अभियान से जुड़े सदस्यों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मासिक धर्म को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक युवाओं एवं महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और सम्मान के प्रति जागरूक किया जा सके।