शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
खिरिया नारायण दास मोहल्ला टेकरी के पीछे साधु जैसे कपड़े पहने भिखारी के रूप में आए ठग ने एक परेशान महिला को जादू-टोने का भय बताया कर धोखे से उसके सोने के गहने लेकर रफूचक्कर हो गया।
ठगी का शिकार हुई 25 वर्षीय महिला विनिया बाई पति संतोष रैकवार ने पुलिस को रिपोर्ट करते हुए बताया कि सुबह वह अपने घर की दालान में अपने ससुर के साथ बैठी थी । पति घर पर नहीं थे वो काम पर गए थे। तभी साधु जैसे कपड़े पहने एक भिखारी आया और उसने भीख मांगी तो उसे एक कटोरा गेंहू दे दिया। इसके बाद भिखारी बोला तुम बहुत परेशान रहती हो तुम्हारे घर पर किसी ने जादू -टोना किया है। फिर उसने एक लोटा पानी और एक सूपा मांगा तो उसने दे दिया। भिखारी ने सूपे में गेंहू डालकर लोटा का पानी उस पर छिड़का तो उसमें आग लग गई। उसमें से एक नींबू निकला तो उसे उस भिखारी पर विश्वास हो गया ओर वो उसकी बातों में आ गई तब उसने कहाकि तुम अपने गहने उतारकर लाओ मैं उन पर मंत्र फुकूँगा तो उसमें से भी नींबू निकलेगा तुम्हारे सब दुख दूर हो जाएंगे।
तब महिला ने अपने गले में पहना मंगलसूत्र एवं पेटी में रखा दूसरा मंगलसूत्र एवं सोने की झुमकी उसको दे दिए। भिखारी ने सभी गहने ओर जला हुआ गेंहू एक पोटली बनाकर उसमें बांधकर हाथ हिलाकर मंत्र पढ़ते हुए उस महिला को दे दिए और कहाकि इन्हें भगवान वाले कमरे में रखना और दो दिन बाद खोलना , उसमें से एक नींबू निकलेगा जिसे फेंक देना।
कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल पर दो लड़के खड़े थे भिखारी उनके पास गया और उनके साथ बैठकर आगे चला गया तब महिला को कुछ शंका हुई तो उसने अंदर जाकर पोटली खोलकर देखी तो सोने के गहने गायब थे। उस भिखारी ने उसे धोखे में डालकर उसके गहने गायब कर लिए।
महिला ने डर की वजह से अपने पति को नहीं बताया लेकिन हिम्मत करके बताया तो शुक्रवार को पति के साथ आकर थाने में एफआईआर कराई।पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपित ठग भिखारी ओर उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।