अनुराग शर्मा सीहोर
भाजपा की सरकार में सीहोर मुख्यालय उपेक्षित रहा है, उद्योग , धंधे बड़े शिक्षण संस्थान यहां लाने में यहां के भाजपा नेता विफल रहे हैं। सीहोर रेल्वे स्टेशन जिले का सबसे बड़ा स्टेशन है लेकिन यहां प्रमुख ट्रेनाे का स्टापेज नहीं है। इन्दौर भोपाल इंटर सिटी, इंदौर जबलपुर ओवर नाइट जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का स्टापेज कराने में भाजपा के जन प्रतिनिधि नाकाम रहे हैं। जबकि जनता की यह प्रमुख मांग रही है, मंगलवार को भोपाल इंदौर मार्ग पर शुरु हुई वंदे भारत रेल का स्टापेज भी सीहोर को नहीं मिल सका है। यहां के सांसद, विधायक और भाजपा के पदाधिकारियों की नाकामी है। यह बात कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा बलवीर तोमर ने कही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता वंदे भारत ट्रेन का सीहोर में स्टापेज तो नहीं करा सके हैं, लेकिन फोटो खिंचवाने के लिए सीहोर रेल्वे स्टेशन पर रेल को हरी झंडी दिखाने पहुंच गए हैं, सीहोर की जनता के साथ भाजपा के नेताओं द्वारा मजाक किया जा रहा है, लोगों का मखौल उड़ाया जा रहा है। इस बात से पता चलता है कि जिले वासियों को इस ट्रेन का लाभ मिले, यह इनकी मंशा ही नहीं है। जबकि सीहोर में प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम, चिंतामन गणेश मंदिर सहित अन्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हैं, जहां पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना लगा रहता है। ट्रेनों का यहां पर स्टापेज न होने के कारण से आम जनों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ता है, उन्हें अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़ना पड़ती है या फिर अन्य यातायात के साधनों पर ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं।