इंदौर। शहर में लूट की वारदातें कम नहीं हो रही है। बदमाश पलभर में झपट्टा मारकर लोगों को लूट लेते हैं। बुधवार तो भी तीन जगहों पर झपट्टा गैंग ने फोन लूट लिए। हालांकि एक बाइक का नंबर पुलिस को मिला है। पुलिस आरोपितों को तलाश रही है।
पहली घटना: खजराना थाना क्षेत्र स्थित सिद्धि विनायक अस्पताल के सामने सर्विस रोड़ की है। गौरव पुत्र गौरपत राय निवासी आदर्श मेघदूत नगर ने रिपोर्ट लिखवाई है। 23 वर्षीय गौरव ने पुलिस को बताया कि 30 मार्च को वह टहलते हुए फोन पर बात कर रहा था। तभी बाइक पर दो बदमाश आए और झपट्टा मारकर फोन छीन लिया। गौरव ने पीछा करने का प्रयास भी किया लेकिन आरोपित फरार हो गए।
दूसरी घटना: वैभव नगर निवासी निखिलेश पुत्र महेश राजौरिया ने लूट की रिपोर्ट लिखवाई है। 43 वर्षीय निखिलेश के मुताबिक उसके साथ मंगलवार रात करीब 11 बजे उस वक्त घटना हुई जब वह मोबाइल चलाते हुए घुम रहा था।अचानक बाइक पर दो बदमाश आए और झपट्टा मारकर फोन छीन ले गए। निखिलेश के मुताबिक बदमाशों की उम्र करीब 20 से 25 साल रही होगी। आरोपितों की बाइक का नंबर (एमपी 09क्यूटी 9033) सामने आया है।
तीसरी घटना: यह वारदात भी कनाड़िया थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस ने रमेश पुत्र भगवानदास तिवारी निवासी आलोक नगर की शिकायत पर केस दर्ज किया है। रमेश तिवारी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात वह फोन पर बात करता हुआ जा रहा था। पाटीदार पेट्रोल पंप के समीप बाइक पर दो बदमाश आए और फोन छीन लिया। टीआइ जेपी जमरे के मुताबिक इस वारदात में भी उसी बाइक का उपयोग हुआ है जिससे निखिलेश राजौरिया से लूट की गई थी।
इधर पति के सामने पत्नी की चेन ले गए बदमाश
लसूड़िया थाना क्षेत्र में तो बाइक सवार बदमाशों ने सुधासिंह से सोने की चेन लूट ली। सिंगापुर नेस्ट निवासी सुधासिंह बुधवार रात पति धीरेंद्र प्रतापसिंह के साथ स्कूटी से आ रही थी। धीरेंद्र ने पीछा करने की कोशिश भी की लेकिन आरोपित फरार हो गए।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.