ऑल इंडिया बैंक रिटायरीज फेडरेशन के राष्ट्रीय सम्मेलन के उदघाटन हेतु राज्यपाल मंगुभाई पटेल को किया आमंत्रित
इंदौर में आयोजित होगा संगठन का 7वाँ राष्ट्रीय सम्मेलन, राज्यपाल ने आमंत्रण स्वीकार किया
सुनील सोन्हिया की रिपोर्ट
भोपाल। बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों एवं कल्याण के लिए कार्यरत देशव्यापी संगठन ऑल इंडिया बैंक रिटायरीज फेडरेशन (All India Bank Retirees Federation) के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के राष्ट्रीय महासचिव श्री एस.सी. जैन के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल से राजभवन, भोपाल में सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में श्याम कस्तूरे, एम.एस. चौरे एवं शरद व्यास शामिल थे।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संगठन की गतिविधियों, उद्देश्यों तथा बैंक सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बैंकिंग क्षेत्र से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण, उनकी समस्याओं और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए संगठन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से भी अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल को इंदौर में आयोजित होने जा रहे ऑल इंडिया बैंक रिटायरीज फेडरेशन के 7वें राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होने तथा सम्मेलन का शुभारंभ करने हेतु सादर आमंत्रित किया।

उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से बैंकिंग क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रतिनिधि, संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी तथा विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि सम्मिलित होंगे। सम्मेलन में बैंक सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। इनमें पेंशन अपडेशन, पेंशन संबंधी विसंगतियां, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सामाजिक एवं आर्थिक हितों से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने प्रतिनिधिमंडल के आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होने के लिए अपनी स्वीकृति प्रदान की।
राज्यपाल द्वारा आमंत्रण स्वीकार किए जाने पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त किया। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि महामहिम राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति से राष्ट्रीय सम्मेलन को विशेष प्रतिष्ठा एवं गरिमा प्राप्त होगी तथा देशभर से आने वाले सेवानिवृत्त बैंककर्मियों का उत्साहवर्धन होगा।