– चलित लैब से 100 नमूनों की मौके पर जांच, 8 स्थानों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम
– रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई, कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरों पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा मप्र एवं कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि 8 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 44 नमूने लिए गए हैं। इनमें कामथेन सिक्योरिटी सर्विसेज से सोयाबीन तेल, हल्दी, धनिया पाउडर, पोहा, दाल, खान केक पॉइंट करैरा से केक व मिल्क पाउडर, शर्मा मिष्ठान भंडार से मावा पेड़ा, सिंघल स्वीट्स कोर्ट रोड से जलेबी, बूंदी के लड्डू, गुजिया, बर्फी, शुभम नमकीन से विभिन्न प्रकार की नमकीन, ए.के. स्वीट्स पोहरी से बेकिंग पाउडर, काला नमक, फूड कलर सहित करैरा, नरवर, पोहरी, शिवपुरी के कई प्रतिष्ठानों से मावा, बर्फी, फूड कलर, दूध व तेल के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान चलित खाद्य प्रयोगशाला ने करैरा, शिवपुरी, नरवर, बदरवास क्षेत्र में भ्रमण कर मौके पर ही 100 नमूनों की जांच की और लोगों को मिलावट के प्रति जागरूक किया। जिले में 8 जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।