धान की फसल में छिपाकर रखी थी बंदूक, मांस काटने में इस्तेमाल होने वाली हंसिया भी जब्त; वन विभाग की टीम ने ग्राम छतई से पकड़ा आरोपी
रायसेन। जिले में वन्यजीव शिकार के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12 बोर की बिना लाइसेंस वाली बंदूक और मांस काटने में इस्तेमाल होने वाली हंसिया भी बरामद की गई है। वन विभाग की इस कार्रवाई को वन्यजीव शिकार से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, वनमंडल सामान्य रायसेन के पश्चिम रायसेन वन परिक्षेत्र में वन्यजीव शिकार से संबंधित वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया था। इस मामले में ग्राम छतई निवासी लाखन सिंह उर्फ लक्का, पिता विजय सिंह बजारा, 6 सितंबर 2026 से फरार चल रहा था।
वनमंडलाधिकारी श्रीमती प्रतिभा शुक्ला के मार्गदर्शन और उपवनमंडलाधिकारी रजनीश कुमार शुक्ला के निर्देशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम रायसेन ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की थी। इसी क्रम में 2 नवंबर को वन विभाग की टीम ने ग्राम छतई में दबिश देकर आरोपी को उसके टपरे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
धान की फसल में छिपाकर रखी थी बंदूक
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर वन विभाग की टीम ने उसके टपरे के अंदर तलाशी ली। इस दौरान धान की फसल में छिपाकर रखी गई 12 बोर की एक बिना लाइसेंस वाली बंदूक बरामद हुई। इसके साथ ही मांस काटने में उपयोग की जाने वाली एक हंसिया भी जब्त की गई।
वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज वन अपराध प्रकरण क्रमांक 47340/21, दिनांक 6 सितंबर 2026 से संबंधित है। मामले में अधिनियम की धारा 2, 9, 39, 49, 50 एवं 51 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध है।
आरोपी की गिरफ्तारी और सामग्री की जब्ती के बाद वन विभाग द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अब जांच के दौरान वन्यजीव शिकार से जुड़ी अन्य परिस्थितियों और बरामद सामग्री की भूमिका की पड़ताल की जाएगी।