संवाद से समाधान के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्त समाज, यातायात जागरूकता एवं साइबर जागृति अभियान के तहत कविता नगर, बोरियाखुर्द में नागरिकों को किया गया जागरूक
ऑनलाइन ठगी से बचाव, साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा के बताए महत्वपूर्ण उपाय
सुरेंद्र जैन धरसीवां
रायपुर के थाना टिकरापारा क्षेत्र अंतर्गत कविता नगर, बोरियाखुर्द में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “संवाद से समाधान” के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्त समाज, यातायात जागरूकता एवं “साइबर जागृति अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मोहल्लेवासियों, मितानिन समूह एवं महिला समूह को बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला संबंधी अपराधों, नशे के दुष्प्रभाव तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मरई के निर्देशानुसार परिवीक्षाधीन उप निरीक्षक अजय कुमार कैवर्त, वरिष्ठ आरक्षक भारतेंद्र साहू एवं आरक्षक जितेंद्र सिन्हा द्वारा उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराध एवं अन्य सामाजिक अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान फर्जी लिंक, संदिग्ध कॉल, फर्जी वेबसाइट, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल ठगी, सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराध एवं ऑनलाइन लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तार से समझाइश दी गई। साथ ही महिला संबंधी अपराधों से बचाव एवं सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप, छत्तीसगढ़ पुलिस के समाधान ऐप को डाउनलोड करने तथा किसी भी आपात स्थिति में 112 सेवा का उपयोग करने के संबंध में जानकारी दी गई।

पुलिस टीम द्वारा नागरिकों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक संबंधी विवरण, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा ऑनलाइन लेन-देन करते समय विशेष सतर्कता बरतें।
साइबर अपराध घटित होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा साइबर अपराध से संबंधित जानकारी नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए नागरिकों को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. डी.के. साहू, महिला समूह की संगीता चंद्राकर अपनी टीम के साथ तथा मितानिन समूह की कांति साहू एवं उनकी टीम सहित मोहल्लेवासी उपस्थित रहे। उपस्थित महिला समूह, मितानिनों एवं नागरिकों ने छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध एवं अन्य सामाजिक अपराधों से बचाव के लिए आम नागरिकों को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।
पुलिस द्वारा उपस्थित नागरिकों से “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से बचें” का संदेश देते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा महिला सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गई।कार्यक्रम में महिला समूह, मितानिन समूह एवं बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।