विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति किया जागरूक
रायसेन। मध्य प्रदेश पुलिस के सामुदायिक पुलिसिंग प्रयासों के अंतर्गत मध्य प्रदेश गृह विभाग पुलिस एवं उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय, रायसेन में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को कानून, नागरिक अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, साइबर अपराधों, सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना तथा पुलिस एवं विद्यार्थियों के बीच संवाद को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक, एसडीओपी रायसेन श्रीमती आकांक्षा तलया, यातायात प्रभारी श्रीमती स्नेहा चंदेल, रेडियो शाखा के निरीक्षक आर.के. निमोदा, डीएसपी अजाक राजेश सिन्हा एवं साइबर सेल प्रभारी सुरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने विषयों पर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, नागरिक अधिकारों एवं कानून की भूमिका, आपराधिक न्याय व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, डिजिटल नागरिकता, सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति, हिंसा की रोकथाम, साइबर सुरक्षा, आपातकालीन सेवाओं तथा आपदा प्रबंधन जैसे विषयों से अवगत कराया गया।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा नशे से दूर रहकर एक सुरक्षित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ इंटरैक्टिव संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें कानून के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को समझने तथा किसी भी आपात स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

कार्यशाला के माध्यम से युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रकार के कार्यक्रम पुलिस एवं आमजन, विशेषकर युवाओं के मध्य विश्वास, सहयोग एवं संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।